
मुस्लिम नौजवान भावनाओं में बहकर किसी को अपना रहनुमा न बनाएं, बल्कि उसकी सियासत, रणनीति और फैसलों का निष्पक्ष आकलन करें।

दरभंगा :_आज मुस्लिम समाज में ऐसे कई लोग हैं जिनकी काबिलियत, तालीम, राजनीतिक समझ और कौम के प्रति जज़्बे को नकारा नहीं जा सकता। उनमें नेतृत्व करने, कौम को उसका हक दिलाने और समाज की आवाज बुलंद करने की सलाहियत भी है। लेकिन मेरा सवाल यह है कि अगर किसी व्यक्ति की बातों में कौम की हमदर्दी दिखाई देती हो, मगर उसके राजनीतिक फैसलों और गतिविधियों से उसी कौम को नुकसान पहुंचता हो, तो फिर उसकी हमदर्दी और सियासी रणनीति पर सवाल उठना लाजिमी है।
किसी भी नेता की पहचान सिर्फ उसके भाषणों और बड़े-बड़े दावों से नहीं होती, बल्कि इस बात से होती है कि उसकी राजनीति का समाज और देश पर क्या असर पड़ रहा है। कौम के नाम पर राजनीति करना और वास्तव में कौम के हितों की चिंता करना, दोनों अलग-अलग बातें हैं।
पश्चिम बंगाल के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर भी गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। वहां चुनाव के दौरान अलग-अलग राजनीतिक ताकतों की भूमिका और उसके परिणामों पर बहस होनी चाहिए। मेरा मानना है कि किसी भी ऐसी राजनीतिक रणनीति से बचना चाहिए, जिससे धर्मनिरपेक्ष ताकतों के बीच बिखराव बढ़े और उसका राजनीतिक लाभ भाजपा को मिले।
अब उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। चंद्रशेखर आजाद के प्रति मुस्लिम नौजवानों का समर्थन और उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर उत्साह अपनी जगह है, लेकिन किसी भी नेता को केवल कुछ भाषणों, आक्रामक अंदाज या मुस्लिम समाज के पक्ष में दिए गए बयानों के आधार पर कौम का सबसे बड़ा हमदर्द मान लेना उचित नहीं है।
मुस्लिम नौजवानों को समझना होगा कि किसी नेता का समर्थन करने से पहले उसकी राजनीतिक रणनीति, विचारधारा, दूसरे दलों के साथ उसके संबंध और उसके फैसलों के संभावित परिणामों को भी देखना चाहिए। किसी के प्रति आकर्षण या भावनात्मक लगाव इतना नहीं बढ़ना चाहिए कि हम अपने व्यापक सामाजिक और राजनीतिक हितों को ही नजरअंदाज कर दें।
मैं किसी को राजनीति करने से रोकने की बात नहीं कर रहा हूं। हर व्यक्ति को अपनी राजनीतिक विचारधारा रखने और चुनाव लड़ने का अधिकार है। लेकिन लोकतंत्र में हर राजनीतिक फैसले की समीक्षा और आलोचना का अधिकार भी जनता को है।
आज देश में सामाजिक और धार्मिक ध्रुवीकरण को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। मुस्लिम समाज के अनेक लोगों के मुकदमों, गिरफ्तारियों और कानूनी लड़ाइयों ने भी कई सवाल खड़े किए हैं। आजम खान, शरजील इमाम, उमर खालिद और ताहिर हुसैन जैसे नामों के मामलों को लेकर समाज में अलग-अलग तरह की चिंताएं और बहस मौजूद हैं। ऐसे माहौल में मुस्लिम समाज को राजनीतिक रूप से और अधिक सजग, संगठित तथा दूरदर्शी होने की जरूरत है।
मेरी अपील है कि आप अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और रणनीतियों के साथ आगे बढ़ें, लेकिन यह भी ध्यान रखें कि आपके फैसलों का असर करोड़ों लोगों के भविष्य पर पड़ सकता है। किसी भी राज्य की राजनीति का असर दूसरे राज्यों के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों पर भी पड़ता है।
मुस्लिम नौजवानों से मेरी खास अपील है कि किसी भी नेता के प्रति अंधसमर्थन न करें। सवाल पूछें, उसके काम का मूल्यांकन करें और अपने विवेक से फैसला लें। कौम का भविष्य किसी एक व्यक्ति की लोकप्रियता से नहीं, बल्कि सही नेतृत्व, बेहतर शिक्षा, राजनीतिक समझ, आपसी एकता और दूरदर्शी रणनीति से सुरक्षित होगा।
अल्लाह से दुआ है कि वह हम सबको सही सोच, सही समझ और सही रास्ते पर चलने की तौफीक अता फरमाए। खास तौर पर हमारी नई पीढ़ी और मुस्लिम नौजवानों को ऐसी राजनीतिक समझ दे, जिससे वे अपने समाज और मुल्क के मुस्तकबिल के लिए बेहतर फैसले कर सकें।
Author: Mr.M.H. Khan










