बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की मतगणना को लेकर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग

जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने दिए आवश्यक निर्देश

मतगणना केंद्र पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट

दरभंगा :-बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत 27 अक्टूबर 2026 को होने वाली मतगणना के सफल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर आज प्रेक्षागृह, दरभंगा में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी की संयुक्त अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की गई।

इस दौरान मतगणना कार्य के सुचारू संचालन, विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कौशल कुमार ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित समय पर अपने-अपने कर्तव्य स्थल पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

मतगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सभी पदाधिकारी पूरी सतर्कता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि 27 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8:00 बजे से लहेरियासराय स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला में बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना की जाएगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतगणना परिसर की सुरक्षा एवं निर्वाचन प्रक्रिया की गोपनीयता बनाए रखने के लिए निर्धारित प्रतिबंधों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। कोई भी व्यक्ति मोबाइल फोन, नशीले पदार्थ अथवा अन्य प्रतिबंधित एवं आपत्तिजनक सामग्री लेकर मतगणना परिसर में प्रवेश नहीं करेगा।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि मतगणना हॉल के अंदर मोबाइल फोन ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी इन निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे तथा प्रवेश बिंदुओं पर तैनात दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी पूरी सतर्कता के साथ जांच करेंगे।

मतगणना के दौरान विधि-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मतगणना केंद्र की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों के परिचालन को नियंत्रित किया जाएगा।

इसके तहत प्रेक्षागृह के पास बने बैरियर, लहेरियासराय स्टेशन मोड़ स्थित बैरियर तथा समाहरणालय मार्ग पर चिल्ड्रेन पार्क के समीप बने बैरियर के आगे मतगणना केंद्र की ओर जाने वाले मार्ग पर अभ्यर्थियों, मतगणना अभिकर्ताओं, मतगणना कर्मियों एवं जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारियों के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

प्रशासन द्वारा निर्धारित बैरियर एवं यातायात नियंत्रण व्यवस्था का सभी संबंधित व्यक्तियों को पालन करना होगा। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रतिबंधित मार्गों पर अनधिकृत वाहनों का प्रवेश नहीं हो।

मतगणना के दौरान वाहनों की भीड़ एवं जाम की स्थिति से बचने के लिए प्रशासन द्वारा अलग-अलग श्रेणियों के लिए पार्किंग स्थलों को चिह्नित किया गया है।

अभ्यर्थियों एवं मतगणना अभिकर्ताओं के वाहनों की पार्किंग के लिए पोलो मैदान के आंतरिक भाग में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

वहीं, मतगणना कर्मियों एवं जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारियों के वाहनों की पार्किंग के लिए पोलो मैदान के बाहरी परिसर में धरना स्थल के बगल में स्थान निर्धारित किया गया है।

सभी संबंधित व्यक्तियों से निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करने की अपेक्षा की गई है, ताकि मतगणना केंद्र के आसपास यातायात व्यवस्था बाधित न हो।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कौशल कुमार ने सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहकर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इसलिए सभी पदाधिकारी अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर मुस्तैद रहेंगे तथा किसी भी परिस्थिति में अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही नहीं बरतेंगे।

उन्होंने मतगणना केंद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी ने पुलिस उपाधीक्षक, यातायात को मतगणना के अवसर पर यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की आवश्यक ब्रीफिंग करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना के दौरान यातायात प्रबंधन में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।

सभी पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल अपने निर्धारित कर्तव्य स्थल पर समय से पहुंचकर यातायात नियंत्रण, वाहनों के नियमन तथा सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखेंगे।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कर्तव्य से अनुपस्थित रहने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मतगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कर्मियों की दो पालियों में प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्होंने निर्देश दिया कि पहली पाली में तैनात कर्मी तब तक अपना कर्तव्य स्थल नहीं छोड़ेंगे, जब तक दूसरी पाली के कर्मी संबंधित कर्तव्य स्थल पर पहुंचकर अपना दायित्व संभाल नहीं लेते।

उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

ब्रीफिंग कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आशीष अमन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Mr.M.H. Khan
Author: Mr.M.H. Khan


Leave a Comment

और पढ़ें