8,000 रुपये रिश्वत लेते नौबतपुर के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गिरफ्तार; निगरानी ब्यूरो की इस साल 100वीं बड़ी कार्रवाई

 

पटना:_ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार (पटना) की टीम ने 9 सितंबर 2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए नौबतपुर (पटना) के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (BSO) विनोद कुमार राम को 8,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, नौबतपुर के परिसर से की गई।

अगस्त माह की रिपोर्ट भेजने के एवज में मांगी थी घूस

मिली जानकारी के अनुसार, बेला (थाना- पिपलावां, जिला- पटना) निवासी परिवादी कृष्णा शर्मा (पिता- अरुण कुमार दत्ता) ने निगरानी ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकान का अगस्त 2026 का रिपोर्ट बनाकर भेजने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।

धावादल का गठन और गिरफ्तारी

मामले का सत्यापन कराने पर शिकायत सत्य पाई गई। इसके बाद अनुसंधानकर्त्ता पुलिस निरीक्षक उदय कुमार सिंह के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक आदित्य राज के नेतृत्व में एक विशेष धावादल (ट्रैप टीम) का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विनोद कुमार राम को 8,000 रुपये घूस लेते रंगे हाथ धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पटना स्थित आवास व अन्य ठिकानों पर छापेमारी और तलाशी ली जा रही है। पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में पेश किया जाएगा।

 

वर्ष 2026 में 100 आरोपी चढ़ा निगरानी के चढ़े हत्थे

इस गिरफ्तारी के साथ ही निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने इस वर्ष एक बड़ा आंकड़ा पार कर लिया है। वर्ष 2026 में अब तक भ्रष्टाचार के खिलाफ कुल 107 प्राथमिकियां दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें 100 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान ब्यूरो ने अब तक कुल 36,66,800 रुपये नकद और 37,000 रुपये मूल्य की एक नई वाशिंग मशीन बरामद की है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज कर 37,80,300 रुपये बरामद किए गए थे।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की आम जनता से अपील:

यदि कोई भी लोक सेवक (सरकारी अधिकारी/कर्मचारी) काम के एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत नीचे दिए गए माध्यमों पर शिकायत दर्ज कराएं:

हेल्पलाइन नंबर: 0612-2215344

मोबाइल / व्हाट्सएप: 7765953261 / 9473494167

ई-मेल: spvig-bih@nic.in

पता: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, 6 सर्कुलर रोड, पटना

Darpan 24 News
Author: Darpan 24 News


Leave a Comment

और पढ़ें