दरभंगा में दिल दहला देने वाली वारदात – अकेली बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से हत्या

बिहार के दरभंगा जिले से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जाले थाना क्षेत्र के बसंत गांव में घर में अकेली रह रही 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला पार्वती देवी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मृतका पार्वती देवी स्वर्गीय जीवछ राय की पत्नी थीं। उनके पास दो बेटे मिथलेश कुमार और अवधेश कुमार रोजगार के सिलसिले में गांव से बाहर रहते हैं, जबकि बेटी पुष्पा कुमारी शादीशुदा हैं और अपने ससुराल में रहती हैं। घर में महिला बिल्कुल अकेली रहती थीं।

शनिवार की सुबह जब पड़ोस की महिला सीता देवी पार्वती देवी के घर पहुंचीं, तो काफी आवाज देने पर भी कोई हलचल नहीं हुई। पास जाकर देखने पर पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है। इसके बाद देखते ही देखते पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के शरीर पर चाकू और धारदार हथियार से कई वार किए। उनके पेट और सीने पर हमले के गंभीर निशान पाए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जाले थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच (DMCH) भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर टू कमतौल के एसडीपीओ शुभेन्द्र कुमार सुमन और दरभंगा ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी ने खुद घटनास्थल का मुआयना किया और जाले थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल को मामले के जल्द से जल्द उद्भेदन का कड़ा निर्देश दिया है।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ रही है। एफएसएल (FSL) की टीम, टेक्निकल सेल और डॉग स्क्वायड को जांच में लगाया गया है। एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं, वहीं टेक्निकल टीम आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है।

घर में अकेली रह रही असहाय बुजुर्ग महिला की इस तरह से हत्या किए जाने के बाद से बसंत गांव के लोग खौफ में हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है।

अब देखना होगा कि दरभंगा पुलिस इस खौफनाक वारदात की गुत्थी को कब तक सुलझा पाती है और आरोपियों तक कब पहुंचती है।

 

Darpan 24 News
Author: Darpan 24 News


Leave a Comment

और पढ़ें