
हरपुर में जलजमाव से निजात की मांग, स्थायी नाला निर्माण को लेकर SDO को ज्ञापन सौंपेंगे:- रौशन कुमार


पूसा / समस्तीपुर :_प्रखंड के दक्षिणी हरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 6 और 7 अंतर्गत भुस्कौल चौक के समीप वर्षों से जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने समस्तीपुर–मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। घंटों जाम रहने से आवागमन बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़क जाम के बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और सड़क किनारे मिट्टी कटवाकर जमा पानी की निकासी कराई। इससे तत्काल राहत मिली, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।

पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी सह भाकपा-माले नेता रौशन कुमार ने कहा कि भुस्कौल चौक और आसपास के वार्डों में जलजमाव अब गंभीर स्थानीय समस्या बन चुका है। सड़क किनारे गंदा पानी जमा रहने और कीचड़ फैलने से लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के काम, बाजार आने-जाने और बच्चों को स्कूल पहुंचाने में परेशानी होती है। जलजमाव के कारण बीमारी फैलने की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान भुस्कौल चौक पर सैकड़ों लड़कियां दीप जलाने और पाठ करने पहुंचती हैं, वहीं दर्जनों महिलाएं दुर्गा माता के स्थान पर पूजा-अर्चना के लिए जाती हैं। ऐसे समय में रास्ते पर गंदा पानी और कीचड़ जमा रहना श्रद्धालुओं के लिए बड़ी परेशानी का कारण है।महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित एवं साफ रास्ता उपलब्ध कराना प्रखंड प्रशासन की जिम्मेदारी है।
आगे रौशन कुमार ने कहा कि जलनिकासी के लिए नाला निर्माण की मांग को लेकर बीडीओ को पहले ही ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई। घंटों सड़क जाम करने के बाद मिट्टी कटवाकर पानी निकालना केवल अस्थायी राहत है। प्रखंड प्रशासन अविलंब सड़क किनारे के अतिक्रमण की जांच कर उसे हटाए और जलनिकासी के लिए पक्का नाला निर्माण कराए, ताकि ग्रामीणों को हर साल इस समस्या से जूझना न पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन तेज किया जाएगा। मौके पंचायत के पैक्स अध्यक्ष अरुण कुमार राय, लाल बाबू राय, धर्मनाथ निराला, विपिन कुमार, अरविंद राय, लाल राय, पटेल कुमार, विकास कुमार, रंजन कुमार, प्रमोद कुमार, राजकुमार, शिवम कुमार, लखपति, सरोज कुमार, संतोष कुमार, अंकित कुमार, नीतीश कुमार, आदित्य कुमार, सोनू कुमार, विशाल कुमार, पंकज कुमार, अनिल कुमार राय, रसमणि, चंद्रयांशु कुमार, सन्नी कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीणों मौजूद थे।
Author: Mr.M.H. Khan







