बिजली कटौती की समस्या को लेकर राज्यसभा सांसद से मिला विद्यापति सेवा संस्थान का प्रतिनिधि मंडल

 

दरभंगा:_संपूर्ण बिहार खासकर मिथिला क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और बार-बार हो रहे ब्रेकडाउन से उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी को लेकर विद्यापति सेवा संस्थान के एक प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा से अरड़िया संग्राम स्थित उनके पैतृक आवास पर मुलाकात की। विद्यापति सेवा संस्थान की सलाहकार समिति के अध्यक्ष सह मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमला कांत झा के नेतृत्व में राज्यसभा सांसद से मिलने गये प्रतिनिधि मंडल में उनके अतिरिक्त वरीय सदस्य प्रो. रमेश झा एवं संस्थान के मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा शामिल थे। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधि मंडल ने उनसे स्थिति सुधारने के लिए कारगर कदम उठाने की मांग की।

पं कमला कांत झा ने सांसद से कहा कि मिथिला क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति साल 2005 के पहले जैसी भयावह होने लगी है और लोगों को नीतीश कुमार के द्वारा सत्ता हस्तांतरण के बाद लालटेन युग में लौटने का डर बुरी तरह सताने लगा है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब एक पखवाड़े से बिजली की आपूर्ति 5-6 घंटे तक उपलब्ध नहीं रहती और अनियमित विद्युत आपूर्ति से हर तबके के उपभोक्ता जिल्लत भरी जिंदगी जीने को मजबूर हो रहे हैं।

प्रो. रमेश झा ने कहा कि पिछले करीब 15 दिनों से मिथिला क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। जबकि नीतीश राज में ऐसी स्थिति कभी देखने को नहीं मिली। एक-एक घंटे के लिए बार-बार बिजली बाधित होना और हल्की हवा या मामूली मौसम परिवर्तन के बाद भी फॉल्ट और ब्रेकडाउन की समस्या उत्पन्न होना चिंताजनक है।

प्रवीण कुमार झा ने कहा कि लगातार बिजली बाधित रहने से आम उपभोक्ताओं के साथ विद्यार्थियों, किसानों, छोटे व्यवसायियों और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तारों के रखरखाव और अन्य अनुरक्षण कार्यों के बावजूद हल्की हवा में भी घंटों बिजली बाधित होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने इस समस्या से उपभोक्ताओं को तत्काल निजात दिलाने के लिए सांसद से तत्काल इसकी तकनीकी जांच कराने, आवश्यक ट्री प्रूनिंग, तार एवं लाइन मेंटेनेंस तथा अन्य सुधारात्मक कार्य युद्धस्तर पर कराने की मांग की, ताकि नीतीश सरकार जैसी निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

सांसद ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को बड़े ही ध्यान से सुना और इसके त्वरित निदान को लेकर प्रतिनिधि मंडल को भरोसा दिलाया। मुलाकात के दौरान सांसद ने प्रतिनिधि मंडल से विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू के स्वास्थ्य की यथास्थिति के बारे में खोज खबर लेते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की। मौके पर पं कमला कांत झा ने उनकी पुत्री वन्दना झा की कृति मैथिली रामायण सांसद को भेंट की। माँ जानकी की भाषा मैथिली में रची गई इस कृति को अपनी माँ के लिए उत्कृष्ट उपहार बताते हुए उन्होंने मिथिला की बेटी वन्दना के इस वन्दनीय सृजन के लिए शुभकामनायें दी।

Darpan 24 News
Author: Darpan 24 News


Leave a Comment

और पढ़ें