खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर दिए कई अहम निर्देश

बेतिया:_जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें जिले में खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान ऑनलाइन प्राप्त राशन कार्ड आवेदनों के निष्पादन, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर लंबित आवेदनों की स्थिति, राशन कार्ड टैगिंग, ई-केवाईसी, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों के निरीक्षण, डोर स्टेप डिलीवरी, खाद्यान्न वितरण, न्यायालय से संबंधित मामलों (सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी/एलपीए), धान अधिप्राप्ति एवं गेहूं आपूर्ति सहित विभिन्न बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।
अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने पीपीटी के माध्यम से अब तक की प्रगति से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया। समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राशन कार्ड में दर्ज मृत व्यक्तियों के नाम हर हाल में हटाए जाएं। साथ ही फर्जी एवं संदिग्ध लाभुकों की जांच कर सही पाए जाने पर ही उन्हें खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए, अन्यथा उनका नाम सूची से हटाया जाए।
उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीएम) एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (एडीएसओ) को निर्देश दिया कि इस कार्य की दैनिक समीक्षा करें और दो सप्ताह के भीतर इसे पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। साथ ही लंबित राशन कार्ड आवेदनों के शीघ्र निष्पादन पर जोर देते हुए बगहा अनुमंडल को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।
राशन कार्ड टैगिंग एवं ई-केवाईसी के कार्य में तेजी लाने के लिए जिला पदाधिकारी ने कहा कि विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए डेटा के आधार पर दो सप्ताह के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि योग्य लाभुकों को समय पर लाभ मिल सके।
जन वितरण प्रणाली की दुकानों के निरीक्षण को लेकर भी जिला पदाधिकारी सख्त नजर आए। उन्होंने सभी मार्केटिंग ऑफिसर को रोस्टर के अनुसार नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया और इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध शोकॉज जारी करने के निर्देश दिए।
खाद्यान्न के समय पर उठाव और वितरण को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि गोदाम से जन वितरण प्रणाली दुकानों तक अनाज समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी एजेंसी द्वारा लापरवाही बरती जाती है या निर्धारित वाहनों के बजाय कम वाहनों का उपयोग किया जाता है, तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनका एग्रीमेंट रद्द कर अन्य एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी जाए।
बैठक में अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी बेतिया सदर विकास कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बगहा चांदनी कुमारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा, डीएम एसएफसी सुमित कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Mr.M.H.Khan
Editor in Chief








