दरभंगा:_ शहर के मोगलपुरा वार्ड संख्या 28 में सड़क और नाला पक्कीकरण की मांग पिछले 12 वर्षों से लंबित है। वर्ष 2014 में स्थानीय लोगों द्वारा आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे मोहल्लेवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
मोहल्ला मोगलपुरा में स्थित यह गली सैकड़ों लोगों के दैनिक आवागमन का मुख्य रास्ता है। यह मार्ग मो. अमीरुल हसन के घर से पश्चिम दिशा में मोगलपुरा के पुराने मजार होते हुए मो. एकराम अंसारी के घर तक तथा दूसरी ओर दक्षिण दिशा में मो. शकील के घर तक जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हर वर्ष बरसात के मौसम में यह रास्ता पूरी तरह जलमग्न हो जाता है। कीचड़ और घुटने तक पानी के कारण लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थिति ऐसी हो जाती है कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है।

इस समस्या को लेकर अब स्थानीय महिलाओं में भी आक्रोश देखा जा रहा है। उनका कहना है कि वर्षों से केवल आश्वासन मिल रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ है।
उक्त मार्ग न केवल आम आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि इसी रास्ते से लोग पुराने मजार शरीफ तक पहुंचते हैं और जनाजे को कब्रिस्तान तक ले जाया जाता है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम के महापौर और क्षेत्रीय पार्षद पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधि केवल चुनाव के समय हाथ जोड़कर वोट मांगने आते हैं, लेकिन उसके बाद क्षेत्र की समस्याओं की ओर कभी ध्यान नहीं देते।
मोहल्लेवासियों ने अब जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अविलंब सड़क एवं नाला निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का समाधान हो सके।
Author: Mr.M.H.Khan
Editor in Chief









