
बेतिया:_पश्चिम चम्पारण जिले में एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और वर्तमान में 23,186 सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। प्रशासन कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि प्रशासन के निरंतर प्रयासों से गैस की आपूर्ति व्यवस्था सुचारु हुई है और पुराने बैकलॉग को तेजी से खत्म किया जा रहा है। आपूर्ति की मजबूती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीते दिन जिले में 10,481 बुकिंग के मुकाबले 10,599 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई।
उन्होंने बताया कि प्रशासनिक कड़ाई के बीच बेतिया शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में छापेमारी की गई। जाँच के दौरान 73 खाली कमर्शियल सिलेंडर बरामद कर जब्त किए गए हैं। इस दौरान बेतिया सदर के अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार भी मौजूद रहे। होटल संचालक से इन सिलेंडरों से संबंधित वैध कागजात की मांग की गई है।
इसके साथ ही उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। आज प्राप्त हुई सभी 34 शिकायतों को संबंधित एसडीएम को निष्पादन हेतु भेजा गया है। तीनों अनुमंडलों में विशेष टीमें आपूर्ति और कालाबाजारी पर नजर रख रही हैं।
इस संदर्भ में होटल संचालक ने बताया कि जो सिलेन्डर पाया गया वो होली के पहले से पडा है जबकी नियमानुसार सौ केजी हो तो कार्रवाई की जा सकती है लेकिन हमारे होटल में तो मात्र 23 kg ही सिलेंडर मैं गैस पाए गए सिलेंडर रखे जाने से संबंधित जानकारी गैस ऐजेंसी के माध्यम से विभाग को उपलब्ध करा दी गई है।
Author: Mr.M.H.Khan
Editor in Chief









