सुप्रिया रोड पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आवश्यक उपाय करें : जिला पदाधिकारी

 

दुर्घटना पीड़ितों को मिले त्वरित कैशलेस उपचार

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर

 बेतिया :_ जिलाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक उपायों तथा सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी अमित राज ने बताया कि बेतिया शहर के सुप्रिया रोड पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं तथा दुर्घटनाओं में पीड़ितों की संख्या बढ़ रही है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक निर्देश देते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने पर जोर दिया, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना (PM Rahat Yojana) के संदर्भ में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को अविलंब कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन, यातायात डीएसपी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार मिल सके और उपचार की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।

जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा से संबंधित मामलों में संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।

बैठक में नगर आयुक्त, नगर निगम, बेतिया शिवाक्षी दीक्षित, जिला परिवहन पदाधिकारी अमित राज सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Mr.M.H. Khan
Author: Mr.M.H. Khan


Leave a Comment

और पढ़ें