बेतिया:_ जिलाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता, आंगनबाड़ी केंद्रों की संबद्धता, विद्यालयों के लिए भूमि की उपलब्धता तथा शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों के अभिलेखों के सत्यापन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मिशन कायाकल्प के अंतर्गत चिन्हित 2500 विद्यालयों में लघु मरम्मति, रंग-रोगन, फर्श की मरम्मति, पेयजल एवं रनिंग वाटर सहित अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं से संबंधित कार्य 31 अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूर्ण कराने का निर्देश सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी इस कार्य को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। विद्यालयों में कार्य प्रारंभ होने एवं कार्य पूर्ण होने से संबंधित फोटोग्राफ निर्धारित ग्रुप में उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।
विभागीय निर्देशों के आलोक में पर्याप्त कमरे एवं आवश्यक बुनियादी ढांचे वाले प्राथमिक विद्यालयों को चिन्हित कर उनसे आंगनबाड़ी केंद्रों को संबद्ध करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही जिन विद्यालयों में अतिरिक्त भूमि उपलब्ध है, उन्हें भी चिह्नित कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि वहां आंगनबाड़ी केंद्र भवन के निर्माण हेतु आवश्यक कार्रवाई की जा सके। सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को अपने स्तर से अनुश्रवण करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों की संबद्धता से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन तीन दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
भूमिहीन विद्यालयों के संबंध में जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मुखिया, वार्ड पार्षद, अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर विद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया। भूमि उपलब्ध होने की स्थिति में संबंधित अंचलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर नजरी नक्शा सहित सूची उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने मॉडल विद्यालयों सहित जिले के सभी विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति पर सतत निगरानी रखने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, बेतिया को जिले के सभी कोटि के प्रारंभिक विद्यालयों तथा माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मियों का HRMS/CFMS एवं E-Shiksha Kosh Portal के माध्यम से जांच एवं सत्यापन कार्य अविलंब पूर्ण कराने तथा इसकी रिपोर्ट विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, काजले वैभव नितिन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, राजन कुमार।सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
Author: Mr.M.H. Khan










