देसरी स्टेशन पर रेलवे जनसंवाद: ठहराव, टिकट और सुरक्षा पर फूटा यात्रियों का गुस्सा

 

देसरी (वैशाली) पूर्व मध्य रेलवे, सोनपुर मंडल के तत्वावधान में आज देसरी रेलवे स्टेशन पर रेलवे जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेलखंड के महत्वपूर्ण स्टेशन देसरी पर पहली बार आयोजित इस जनसंवाद में जंदाहा, महनार और सहदेई प्रखंड के सैकड़ों यात्रियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्टेशन अधीक्षक ने की, जबकि सोनपुर से आए वाणिज्य और परिचालन विभाग के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं। दो घंटे तक चले इस संवाद में यात्रियों ने बेबाकी से अपनी बात रखी।

देसरी की 6 मुख्य मांगें जो रजिस्टर में दर्ज हुईं:

1. एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव::_कांग्रेस अतिपिछड़ा कमिटी वैशाली के जिला अध्यक्ष उत्तम ठाकुर ने सबसे बड़ी मांग वैशाली एक्सप्रेस (12554/53), सप्तक्रांति एक्सप्रेस और जनसेवा एक्सप्रेस के ठहराव की रखी साथ ही दो और पैसेंजर ट्रेन की अत्यधिक जरूरत को बताया। ग्रामीणों ने कहा, देसरी जंदाहा प्रखंड का मुख्य स्टेशन है, यहां से रोज 5 हजार से अधिक यात्री यात्रा करते हैं, फिर भी एक्सप्रेस ट्रेनें थ्रू निकल जाती हैं। छात्रों को पटना जाने के लिए हाजीपुर या मुजफ्फरपुर जाना पड़ता है।

2. टिकट व्यवस्था लचर:_  सुबह 7 से 10 बजे तक एक ही काउंटर खुलता है। यूपीआई/QR कोड से भुगतान नहीं होने से कैश की किल्लत होती है। महिलाओं और दिव्यांगों के लिए अलग लाइन नहीं है। ATVM मशीन पिछले 4 महीने से खराब पड़ी है।

3. बुनियादी सुविधा बदहाल:_ प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर शेड नहीं है, बारिश में यात्री भीगते हैं। दोनों प्लेटफॉर्म पर पीने के पानी की एक ही नल काम करती है। शौचालय में ताला बंद रहता है और रात में हाई-मास्ट लाइट के कई बल्ब फ्यूज हैं।

4. सुरक्षा का मुद्दा:_ शाम 7 बजे के बाद स्टेशन पर आरपीएफ की गश्ती नहीं होती। महिला यात्रियों ने छेड़खानी की घटनाओं का जिक्र किया। सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं, पर आधे बंद हैं।

5. किसानों की पुकार:_ देसरी केला और सब्जी उत्पादन का हब है। किसानों ने मांग की कि मुजफ्फरपुर-हाजीपुर सवारी गाड़ी में एक पार्सल वैन जोड़ा जाए ताकि उनकी उपज सीधे पटना के मीठापुर मंडी भेजी जा सके।

6. ओवरब्रिज की मांग:_  देसरी फाटक पर जाम की समस्या गंभीर है। लोगों ने फुट ओवरब्रिज को ऊंचा कर दिव्यांग-फ्रेंडली बनाने और पूर्वी छोर पर दूसरा प्रवेश द्वार खोलने की मांग की।

 

सोनपुर मंडल के प्रतिनिधि अधिकारी ने कहा, “देसरी को अमृत भारत स्टेशन योजना के फेज-2 में लिया गया है। आपकी सभी 6 मांगों को हमने लिखित रूप में लिया है। टिकट काउंटर का समय बढ़ाने और ATVM ठीक कराने का काम 7 दिन में होगा। ट्रेन ठहराव का प्रस्ताव मंडल मुख्यालय भेजा जाएगा।”

सीनियर डिविजनल इलेक्ट्रिकल इंजीनियर (जनरल) श्री सुधीर कुमार शर्मा ने बताया कि सफाई ठेकेदार को चेतावनी दी गई है और अगले सप्ताह से प्लेटफॉर्म पर पेयजल और लाइट व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी।

क्या बोले स्थानीय लोग:_
कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह ने कहा, “जनसंवाद अच्छी पहल है, लेकिन देसरी के साथ हमेशा सौतेला व्यवहार हुआ है।

मौके पर जावेद उमर, सुनील कुमार सीनियर सेक्शन इलेक्ट्रिकल (इंजीनियर), अतिपिछड़ा कांग्रेस वैशाली जिला अध्यक्ष उत्तम कुमार ठाकुर, संजय कुमार सिंह उपस्थित थे।

Mr.M.H. Khan
Author: Mr.M.H. Khan


Leave a Comment

और पढ़ें