
विशेष संवाददाता, पटना :_ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने कार्रवाई करते हुए जे०पी० गंगा पथ, यातायात थाना (गाँधी मैदान) में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) उपेन्द्र साह को 10,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दारोगा की गिरफ्तारी जे०पी० गंगा पथ, दीघा स्थित यातायात थाना के सिरिस्ता कक्ष से की गई।

मामले की जानकारी के अनुसार, कैमूर (भभुआ) जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी तकिया निवासी जमील अंसारी ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी का आरोप था कि उनके कब्जे में रखे गए वाहन को छोड़ने के बदले पुलिस अवर निरीक्षक उपेन्द्र साह द्वारा 10 हजार रुपये घूस की मांग की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए जाने पर निगरानी ब्यूरो ने मामला दर्ज किया। इसके बाद अनुसंधानकर्त्ता पुलिस निरीक्षक राधेश्याम राम के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक श्रीराम चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष धावादल (ट्रैप टीम) का गठन किया गया।
मंगलवार को जैसे ही परिवादी ने दीघा स्थित यातायात थाना के सिरिस्ता कक्ष में आरोपी दारोगा को रिश्वत की राशि दी, घात लगाकर मौजूद निगरानी की टीम ने उसे धर दबोचा। आरोपी पुलिस अधिकारी से पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद उसे पटना स्थित माननीय विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Author: Darpan 24 News










