
दरभंगा से एक सनसनीखेज और बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। भटियारीसराय के रहने वाले 33 वर्षीय कुणाल राम—जो नगर निगम में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत थे—उनका शव आज सुबह करीब 10 बजे शहर के प्रसिद्ध हराही पोखर से बरामद किया गया है।

कुणाल राम बीते शुक्रवार शाम 7 बजे से ही रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता थे। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद शनिवार शाम 4 बजे कोतवाली थाने में उनकी गुमशुदगी की लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी।रविवार सुबह हराही पोखर में एक अज्ञात शव तैरता देख स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर विश्वविद्यालय थाना की पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।

शव की हालत बेहद खराब थी और वह पूरी तरह गल चुका था। हालांकि, शरीर पर पहने शर्ट और हाथ पर बने टैटू की मदद से परिजनों ने उसकी पहचान 33 वर्षीय कुणाल राम के रूप में की। मृतक अपने पीछे दो छोटे-छोटे मासूम बच्चों और परिवार को छोड़ गए हैं।
इस पूरे मामले में मृतक के भाई राहुल कुमार ने हत्या की गंभीर आशंका जताई है। भाई राहुल का साफ तौर पर आरोप है कि कुणाल की निर्मम हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को पोखर में फेंक दिया गया।
परिजनों के अनुसार, कुणाल के चेहरे को किसी भारी चीज से इस तरह कुचला गया कि चेहरा पहचान में भी नहीं आ रहा था। इसके अलावा शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान भी हैं।
फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि दो बच्चों के पिता और नगर निगम के कर्मी कुणाल राम की हत्या के पीछे कौन है? क्या यह किसी आपसी रंजिश का नतीजा है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है?
Author: Darpan 24 News










