मोतिहारी: पूर्वी चंपारण में मोबाइल चोरी या गुम होने के बाद उसे दोबारा पाने की उम्मीद छोड़ चुके 245 लोगों के चेहरों पर पुलिस ने एक बार फिर मुस्कान ला दी है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर करीब 61 लाख रुपये मूल्य के 245 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी स्वर्ण प्रभात की मौजूदगी में इन सभी मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया, जिससे लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।

इस बरामदगी के लिए गठित विशेष तकनीकी टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर फोनों को ट्रैक किया। बरामद कुल 245 मोबाइलों में से 82 फोन ‘ऑपरेशन मुस्कान’ की टीम द्वारा और 163 फोन भारत सरकार के CEIR पोर्टल के जरिए खोजे गए हैं। मोबाइल वापस पाने वालों में 38 छात्र, 7 गृहिणियां, 11 किसान, 31 सरकारी कर्मचारी, 7 मिस्त्री, 24 व्यवसायी, 25 निजी कर्मी, 1 अधिवक्ता, 4 ड्राइवर, 15 मजदूर, 2 ठेकेदार, 3 पूर्व सैनिक और अन्य 77 आम नागरिक शामिल हैं।
पूर्वी चंपारण पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। एसपी स्वर्ण प्रभात के अनुसार, ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत अब तक 22 चरणों में कुल 2,303 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 67 लाख 86 हजार रुपये है। पुलिस ने साफ किया है कि चोरी और गुमशुदगी के मामलों में यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इसके साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि फोन खोने पर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9470248818 या केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर अपनी ऑनलाइन शिकायत अवश्य दर्ज कराएं।
Author: Mr.M.H. Khan










