दरभंगा:_ बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति, दरभंगा के नगर अध्यक्ष नरेंद्र नारायण ने राज्य सरकार से मदारपुर स्थित टेराकोटा भवन की जल्द मरम्मत कराकर उसे चालू करने और प्रजापति कुम्हार समाज को सौंपने की मांग की है। उन्होंने कहा कि टेराकोटा भवन बनकर तैयार है, लेकिन अब तक इसका उद्घाटन नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को इस दिशा में जल्द पहल करनी चाहिए, ताकि कुम्हार समाज को रोजगार के नए अवसर मिल सकें।


समिति के जिलाध्यक्ष रमेश कुमार पंडित ने कहा कि कुम्हार समाज को आत्मनिर्भर बनाने के लिए टेराकोटा भवन को शीघ्र चालू करना जरूरी है। वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा कुछ महीने पूर्व पटना के कृष्ण मेमोरियल हॉल में माटी कला बोर्ड के गठन के लिए तीन महीने का समय दिए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को अब इस दिशा में ठोस कार्रवाई शुरू करनी चाहिए।
समिति के सचिव रोमी कुमार पंडित ने कहा कि कुम्हार समाज आज भी आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़ा हुआ है। दीपावली दीपों का त्योहार है, लेकिन आज लोग मिट्टी के दीयों की जगह बिजली की लाइटों का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में लोकल फॉर वोकल का सपना कैसे साकार होगा? उन्होंने कहा कि यदि मिट्टी के उत्पादों को बढ़ावा दिया जाए और कुम्हार समाज को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, तो बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिल सकता है।
उन्होंने बताया कि शहर में जमीन की कमी को देखते हुए सरकार ने आधुनिक तरीके से मिट्टी के बर्तन पकाने और तैयार करने के उद्देश्य से टेराकोटा भवन का निर्माण कराया है। भवन तैयार होने के बावजूद इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि अगली दीपावली तक टेराकोटा भवन को चालू कराया जाए, ताकि कुम्हार समाज अपने पारंपरिक हुनर के माध्यम से रोजगार प्राप्त कर सके।
शंकर पंडित ने कहा कि जिस कलाकार ने जापान जाकर अपनी कला का लोहा मनवाया, आज वही कलाकार दरभंगा में टेराकोटा के संचालन के लिए संघर्ष कर रहा है। शंभू पंडित ने कहा कि टेराकोटा के माध्यम से लाखों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। वहीं, सुबोध पंडित ने टेराकोटा भवन के साथ छात्रावास का निर्माण कार्य पूरा कर जल्द उद्घाटन कराने की मांग की।
मीडिया प्रभारी कुमार विवेक ने कहा कि एनडीए सरकार को अपने वादे को पूरा करते हुए टेराकोटा भवन कुम्हार समाज को सौंपना चाहिए। उन्होंने माटी कला बोर्ड के गठन की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू करने की मांग की।
इस अवसर पर रोमी पंडित, उत्तीम पंडित, चंदेश्वर पंडित, तिरिपीत पंडित, हरिमोहन पंडित, उमेश पंडित, देबू पंडित, अमोला, पूजा कुमारी, सरवन पंडित, राधे पंडित, मंजीत पंडित, संजय पंडित, सतीश पंडित, नंदकिशोर पंडित, दिनेश पंडित, सुरेंद्र नारायण, उपेंद्र पंडित, अशोक पंडित, डॉ. राजेश पंडित, प्रमोद पंडित, राजकुमार पंडित, हर्ष नारायण पंडित, जयकिशन पंडित, विष्णुदेव पंडित, रमन पंडित, रामलाल पंडित, अरुण पंडित, विजय पंडित सहित अन्य लोग मौजूद थे।
समिति के सदस्यों ने सरकार से मांग की कि टेराकोटा भवन को जल्द चालू कर समाज को सौंपा जाए तथा माटी कला बोर्ड के गठन के अपने वादे पर अमल करते हुए शीघ्र विभागीय कार्रवाई शुरू की जाए।
Author: Mr.M.H. Khan










