बेतिया:_ पश्चिम चम्पारण जिले के स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं मीडिया के बीच एक मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में जिला प्रशासन की टीम ने मीडिया टीम को 3-1 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
मैच का उद्घाटन पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने फुटबॉल को किक मारकर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से प्रशासन एवं मीडिया के बीच आपसी संबंध मधुर और मजबूत होते हैं। खेलकूद न केवल आपसी सौहार्द बढ़ाता है, बल्कि प्रतिस्पर्धा की भावना को भी सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।
मैच में मीडिया टीम की ओर से कुंदन पांडेय कप्तान एवं आदित्य कुमार दुबे ने उप -कप्तान की भूमिका निभाई, जबकि धनंजय तिवारी गोलकीपर रहे। वहीं, प्रशासनिक टीम का नेतृत्व जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने किया तथा सतीश कुमार गोलकीपर की भूमिका में रहे। दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा। अंततः प्रशासनिक टीम ने 3-1 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मैच समाप्त होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया। पत्रकार अवधेश शर्मा ने शानदार कमेंट्री के माध्यम से मैच का आंखों देखा हाल प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोचना माद्री, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार, पुरुषोत्तम त्रिवेदी, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता मदन झा, डीएसपी एवं ओएसडी सुजीत कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वहीं, पत्रकार मोहन सिंह,पत्रकार सुजय प्रकाश पाण्डेय ,पत्रकार डॉ. अमानुल हक,पत्रकार अजय कुमार मिश्रा, आशुतोष बरनवाल, मिथिलेश पांडेय, ब्रजभूषण कुमार, आदित्य कुमार दुबे, अजय कुमार, अवधेश शर्मा एवं सुनील राव सहित कई पत्रकारों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
इस मैत्रीपूर्ण मुकाबले ने स्थापना दिवस के उत्सव में खेल भावना, आपसी सौहार्द एवं प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय का संदेश दिया।

Author: Mr.M.H. Khan










