दरभंगा। बिहार सरकार की मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों को प्रोत्साहित करने तथा शोध एवं अनुसंधान में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय और दूरदर्शी पहल है। इस योजना के तहत पीएचडी करने वाली छात्राओं को प्रतिमाह 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय स्वागतयोग्य है।

उक्त बातें डॉ. संजय कुमार सहनी ने कहीं। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण अनेक प्रतिभाशाली छात्राओं को उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में बिहार सरकार की यह पहल उनके लिए आर्थिक संबल के साथ-साथ अपने शैक्षणिक सपनों को साकार करने का अवसर प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि इस योजना से विशेष रूप से ग्रामीण परिवेश और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे बिहार में महिला शोधार्थियों की संख्या बढ़ेगी तथा उच्च शिक्षा, अकादमिक जगत और अनुसंधान के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को मजबूती मिलेगी।
डॉ. सहनी ने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन, आत्मनिर्भरता और समान अवसरों पर आधारित समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। जब बेटियों को शिक्षा और शोध के लिए आवश्यक संसाधन एवं प्रोत्साहन मिलता है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव परिवार, समाज और राज्य के विकास पर पड़ता है।
उन्होंने बिहार सरकार की इस दूरदर्शी, जनहितैषी पहल का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि योजना का लाभ योग्य जरूरतमंद छात्राओं तक पहुंचेगा। साथ ही, उन्होंने शोधार्थियों के लिए बेहतर पुस्तकालय, आधुनिक प्रयोगशालाओं, पर्याप्त शोधवृत्ति, गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और अनुकूल अकादमिक वातावरण विकसित करने पर भी जोर दिया।
अंत में उन्होंने कहा कि बेटियों को शोध, नवाचार और ज्ञान-सृजन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन और सम्मान भी मिलना चाहिए। बेटियाँ पढ़ेंगी, शोध करेंगी और आगे बढ़ेंगी, तभी बिहार ज्ञान, विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकेगा।
डॉ. संजय कुमार सहनी
सहायक प्राध्यापक, इतिहास विभाग
सब डिविजनल गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, बेनीपुर
दरभंगा, बिहार
Author: Sanjay Kumar Sahni










