विशेष अभियान 6.0 के तहत जलस्रोतों की स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया गया जागरूक


दरभंगा :- जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर समाजशास्त्र विभाग के सहयोग से जलस्रोतों की स्वच्छता हेतु श्रमदान,संवाद एवं संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत समाजशास्त्र विभाग, नरगौना परिसर में आयोजित संवाद सत्र से हुई, जिसमें विद्यार्थियों एवं युवाओं के साथ नदियों, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों की वर्तमान स्थिति, उनकी स्वच्छता, संरक्षण तथा प्रदूषण से उत्पन्न होने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संवाद के दौरान जलस्रोतों में घरेलू अपशिष्ट, प्लास्टिक एवं अन्य कचरे के निस्तारण, जल प्रदूषण की रोकथाम तथा स्वच्छता बनाए रखने में व्यक्तिगत एवं सामुदायिक जिम्मेदारी के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे जलस्रोतों के संरक्षण को केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी न मानकर अपने दैनिक जीवन एवं सामाजिक व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाएं तथा इसके प्रति अपने परिवार और समुदाय को भी जागरूक करें।

संवाद सत्र के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने नरगौना परिसर स्थित तालाब घाट एवं मनोकामना मंदिर परिसर स्थित तालाब घाट पर पहुंचकर स्वच्छता हेतु श्रमदान किया।
इस अवसर पर जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति, श्री फारूक इमाम ने कहा कि जलस्रोतों के संरक्षण के प्रति हम सभी को संवेदनशील होने और अपनी जिम्मेदारी समझने की आवश्यकता है।
युवाओं एवं विद्यार्थियों को अपने दैनिक व्यवहार में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूकता केवल संवाद तक सीमित न रहे, बल्कि उसे व्यक्तिगत आचरण एवं सामूहिक प्रयासों के माध्यम से समाज तक पहुंचाया जाए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष-सह-संकायाध्यक्ष प्रो. ध्रुव कुमार ने की।
उन्होंने कहा कि नदियों, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों का संरक्षण हम सभी का सामूहिक दायित्व है। औद्योगिक कचरे एवं घरेलू गंदे पानी को नदियों में जाने से रोकने के लिए जनजागरूकता और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. सुनीता कुमारी, सहायक प्राध्यापिका, विश्वविद्यालय समाजशास्त्र विभाग रहीं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों एवं युवाओं की सक्रिय सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम का संचालन अक्षय कुमार झा ने किया। इस अवसर पर डॉ. सारिका पांडेय, डॉ. लक्ष्मी कुमारी, डॉ. राफिया काजिम एवं डॉ. प्रमोद गांधी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में युवा वॉलंटियर्स पूजा कुमारी, संजीव कुमार, साक्षी कुमारी, सूरज ठाकुर, सुमित कुमार, मनीषा कुमारी, आरती ज्योति, सोनाली कुमारी, विक्रम ठाकुर, ओंकार साह सहित अन्य युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

गंगा एवं उसकी सहायक नदियों, तालाबों तथा अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने, उनमें कूड़ा-कचरा एवं पॉलीथिन का निस्तारण नहीं करने, जलीय जीवों एवं वृक्षों के संरक्षण हेतु कार्य करने तथा स्वच्छता के प्रति समाज को जागरूक करने का संकल्प सभी ने लिया।
Author: Mr.M.H. Khan










