



दरभंगा :_ भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी सीपीआई एम का दो दिन का प्रशिक्षण शिविर सैदनगर धर्मशाला में तीन सत्रों में पूरा हुआ। पहले सत्र की अध्यक्षता प्रमोद सिंह ने की,दूसरे की रामचंद्र शाह ने और तीसरे की सुशीला देवी ने। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और लेखक बादल सरोज ने कहा कि देश आज बड़े उद्योगपतियों के हाथों में चला गया है। उन्होंने कहा कि हमें किसानों,मजदूरों और गरीबों के हक में संघर्ष तेज करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई वर्ग संघर्ष के रास्ते से ही होकर जाएगी।
बादल सरोज ने कहा कि धर्म का राजनीतिक इस्तेमाल ठीक नहीं है। जो लोग धर्म के नाम पर राजनीति करते हैं,उनका असली मकसद सिर्फ सत्ता पाना होता है,न कि धर्म की रक्षा करना। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी पूरी तरह लोकतांत्रिक है और जनता के हक में हमेशा संघर्ष करती है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे 2025 के विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को मजबूत करें और दरभंगा की सभी 10 सीटों पर भाजपा-जदयू गठबंधन को हराएं। राज्य सचिव ललन चौधरी ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठित करने और बूथ स्तर पर काम करने की दिशा तय करने के लिए रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह तैयार है और आने वाले चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेगा। राज्य सचिव मंडल के सदस्य श्याम भारती ने बताया कि बहादुरपुर की स्थानीय समस्याओं को लेकर 20 जून से ‘घेरा डालो,डेरा डालो’नाम से आंदोलन शुरू होगा,जो अनिश्चितकाल तक चलेगा। हर दिन अलग-अलग नेता इसमें भाग लेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे।

