



बेतिया:_ सी आर सी उच्च माध्यमिक विद्यालय, भितहा, बैरिया में संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता ‘मशाल 2025’ का भव्य आयोजन मठिया मंदिर प्रांगण में किया गया। इसमें राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाट सरैया, मध्य विद्यालय भितहा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय मलकौली पटखौली तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय भितहा के चयनित छात्र -छात्राओं ने भाग लिया। इसके पूर्व इस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उच्च माध्यमिक विद्यालय भितहा के प्रांगण में स्थानीय मुखिया नन्दलाल साह, मशाल खेल के प्रखंड समन्वयक मनोज कुमार सिंह, संकुल समन्वयक लोकेश राज आनंद तथा संकुल व्यवस्थापक डॉ दिवाकर राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बच्चियों ने स्वागत गान किया तथा व्यवस्थापक डॉ दिवाकर राय ने सभी माननीय अतिथियों को कलम भेंट कर उनका स्वागत किया। अपने स्वागत भाषण में डॉ राय ने सबका आभार व्यक्त करते हुए उनके द्वारा खेलकूद प्रतियोगिता में रुचि दिखाने के लिए तथा समय निकालकर बच्चों के उत्साहवर्धन को इस दिशा में एक मील का पत्थर बताया। इससे बच्चों में खेल के प्रति जागरूकता आएगी और बच्चे भविष्य में अवश्य अच्छा करेंगे, ऐसा विश्वास व्यक्त किया। स्थानीय मुखिया नन्दलाल साह ने बच्चों का ध्यान सरकारी योजनाओं की ओर आकृष्ट कराते हुए विद्यालय परिसर में चिल्ड्रेन पार्क बनवाने की घोषणा की। मशाल खेल के प्रखंड समन्वयक मनोज कुमार सिंह ने मशाल खेल के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा बच्चों से इसमें बढ़ चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने इस खेल प्रतियोगिता के आर्थिक लाभ की ओर भी सबका ध्यान खींचा। इस अवसर पर उप स्वास्थ्य केन्द्र, भितहा के प्रभारी संजय कुमार सुमन, प्रधानाध्यापक संजय कुमार झा, अभिभावक जीतेन्द्र पटेल, सुष्मिता कुशवाहा, मनोज कुमार, नेहा सिंह, निरंजन दीक्षित, कुणाल कुमार, अमित कुमार, रमेश कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन यादवलाल चौधरी ने किया।इसके बाद अंडर 14 तथा अंडर 16 आयु वर्ग में कबड्डी तथा अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें मध्य विद्यालय मलकौली पटखौली तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय भितहा का दबदबा रहा। शेष प्रतियोगिताओं का आयोजन कल किया जाएगा। इस खेल प्रतियोगिता में संकुल स्तर पर निर्णायकों में मनोज कुमार, जावेद इकबाल, नेहा सिंह, सुष्मिता कुशवाहा, दरख्शा परवीन, रीतू , शाकिर अंसारी, वर्षा कुमारी, संगीता कुमारी ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

