



दरभंगा के जी.एम. रोड स्थित उत्सव भवन में निषाद विकास महासभा, दरभंगा की चिंतन बैठक का शुभारंभ महासभा के संयोजक बिल्टू साहनी, मछली मंडी के अध्यक्ष विनोद साहनी, उमेश साहनी, विनोद बंपर, भोला साहनी एवं सुनील भारती आदि द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिल्टू साहनी ने की तथा संचालन विनोद साहनी ने किया।
पिछले 20 वर्षों से दरभंगा जिला में मल्लाह समाज का कोई सशक्त नेतृत्व नहीं रहा। इस चिंतन बैठक में दरभंगा जिले के कोने-कोने से आए मल्लाह समाज के लोगों ने निषाद विकास महासभा के बैनर तले एकजुट होकर समाज की एकता और विकास का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए महासभा के अध्यक्ष बिल्टू साहनी ने कहा कि दरभंगा जिले में मल्लाह समाज के लगभग दो लाख वोटरों का अब तक केवल राजनीतिक उपयोग किया जाता रहा है। चुनाव के समय सभी पार्टियाँ इस समाज को लुभाने का प्रयास करती हैं, परंतु चुनाव के बाद इसे भगवान भरोसे छोड़ दिया जाता है। अब समाज एकजुट हो चुका है और भविष्य में कोई भी निर्णय सामूहिक रूप से लिया जाएगा। जो भी पार्टी इस समाज के हित और उत्थान के लिए कार्य करेगी, समाज उसका समर्थन करेगा।

मछली मंडी के अध्यक्ष विनोद साहनी ने कहा कि अब बहुत हो चुका है। यह समाज बार-बार ठगा गया है। इस समाज के बल पर कई नेता मंत्री बन गए, लेकिन समाज की स्थिति जस की तस बनी रही। अब यह समाज संगठित हो चुका है और सामाजिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक सभी क्षेत्रों में विकास करेगा।
सामाजिक कार्यकर्ता बेचन साहनी ने कहा कि दूसरे समाजों ने इस समाज के अधिकारों का अतिक्रमण किया है और बड़े-बड़े उद्योगपतियों द्वारा इस समाज का शोषण हो रहा है, जिससे समाज को गरीबी झेलनी पड़ रही है।
उमेश साहनी ने कहा कि इस तरह का दलविहीन संगठन बहुत पहले बन जाना चाहिए था। मछली पालन, मखाना व सिंघाड़ा की खेती में यह समाज बड़े उद्योगपतियों का शिकार हो चुका है। इसका समाधान केवल मजबूत संगठन के माध्यम से ही संभव है।
विनोद बंपर ने कहा कि समाज की एकजुटता की कमी के कारण आपसी फूट बढ़ी है और शिक्षा लगभग समाप्त हो चुकी है। बिहार के विभिन्न जिलों में इस समाज की 20% जनसंख्या है। यदि यह समाज संगठित हो जाए, तो सभी क्षेत्रों में व्यापक विकास संभव है।
बैठक में सर्वसम्मति से 31 सदस्यीय जिला कोर कमेटी तथा प्रत्येक प्रखंड में 11 सदस्यीय कमेटी गठन का निर्णय लिया गया। आगामी एक माह में दरभंगा जिले में 20,000 सदस्यों को जोड़ने तथा अगले महीने एक भव्य सम्मेलन आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
इस चिंतन बैठक में दरभंगा जिले भर से साहनी समाज के प्रबुद्ध जनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कई दर्जन वक्ताओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। बैठक में यह प्रस्ताव भी पारित हुआ कि आगामी विधानसभा चुनाव में यदि कोई पार्टी मल्लाह समाज के किसी योग्य प्रतिनिधि को टिकट देती है, तो समाज एकजुट होकर उसे समर्थन देगा, चाहे वह किसी भी पार्टी से हो।
बैठक में राजेश साहनी, बृज किशोर साहनी, मालहू साहनी, काशी कांत साहनी सहित दर्जनों प्रखंडों से आए समाज के नेताओं ने हिस्सा लिया और निषाद विकास महासभा को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया। अंत में राजा साहनी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन किया गया।

